6:25 pm Wednesday , 5 August 2026
BREAKING NEWS

गंगा के जलस्तर में गिरावट के साथ बढ़ा कटान, कदम नगला समेत कई गांव खतरे में

गंगा के जलस्तर में गिरावट के साथ बढ़ा कटान, कदम नगला समेत कई गांव खतरे में।

बदायूं 5 अगस्त ।

बदायूं जिले की दातागंज तहसील के उसहैत क्षेत्र में गंगा नदी का कटान तेज हो गया है। जलस्तर घटने के बावजूद किनारों पर कटान बढ़ने से तटवर्ती गांवों के अस्तित्व पर संकट गहरा गया है।

गंगा के जलस्तर में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। जलस्तर अभी खतरे के निशान से नीचे बना हुआ है। जलस्तर कम होने और बहाव धीमा होने से उसहैत क्षेत्र के किसानों को शुरुआती राहत जरूर मिली थी। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि जलस्तर घटते ही गंगा ने किनारों को काटना शुरू कर दिया।

तेज कटान के कारण नदी की धारा किनारों की ओर बढ़ रही है। इससे उपजाऊ कृषि भूमि लगातार नदी में समाती जा रही है। कदम नगला सहित कई गांवों पर खतरा मंडरा रहा है। निचले इलाकों में अभी भी पानी भरा हुआ है। उसहैत क्षेत्र में गंगा किनारे खड़ी फसलों में पानी भर जाने से किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। इससे गांवों में चिंता का माहौल है।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। दातागंज के एसडीएम विनोद कुमार सिंह, कानूनगो, लेखपाल और बाढ़ खंड के अधिकारी लगातार क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता उमेश चंद्रा ने लोगों से अपील की है कि वे गंगा किनारे न जाएं और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और कटान प्रभावित क्षेत्रों में बचाव के इंतजामों का जायजा ले रहा है।

विज्ञापन एक्सप्रेस