10:21 pm Sunday , 2 August 2026
BREAKING NEWS

कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर किया स्वागत, लालपुर में कांवड़ यात्रा कंट्रोल रूम व पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ

बदायूं

कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर किया स्वागत, लालपुर में कांवड़ यात्रा कंट्रोल रूम व पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ

केशव गुप्ता

बदायूँ। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह ने थाना कोतवाली क्षेत्र के लालपुर में स्थापित कांवड़ यात्रा कंट्रोल रूम एवं पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया और सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
उद्घाटन के बाद अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक श्रद्धालु के साथ संवेदनशील, विनम्र और सहयोगपूर्ण व्यवहार किया जाए तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।
पुलिस सहायता केंद्र पर कांवड़ियों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पंखे, स्वच्छ पेयजल, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), मेडिकल सहायता सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर पुलिस टीम ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया तथा यातायात नियमों का पालन करने, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने और किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर निकटतम पुलिस सहायता केंद्र अथवा डायल-112 से संपर्क करने की अपील की।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली संजय कुमार सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बदायूँ पुलिस ने कहा कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सकुशल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।

हैं

विज्ञापन एक्सप्रेस