9:21 pm Sunday , 2 August 2026
BREAKING NEWS

पटना देवकली मंदिर से लौट रहे युवक की ऑल्टो से आमने-सामने भिड़ंत, हालत नाजुक; बरेली रेफर

पटना देवकली मंदिर से लौट रहे युवक की ऑल्टो से आमने-सामने भिड़ंत, हालत नाजुक; बरेली रेफर

केशव गुप्ता

बदायूं। जनपद के म्याऊं-उसहैत मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना उसावा क्षेत्र के गिल्टैया गांव के पास ऑल्टो कार और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में युवक को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र म्याऊं ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया।
म्याऊं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी बृजेश राठौर ने घायल की पहचान थाना अलापुर क्षेत्र के ग्राम इस्लामगंज निवासी राजा बाबू (20) पुत्र नंदराम के रूप में की। इसके बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई।
परिजनों के अनुसार, राजा बाबू पटना देवकली मंदिर में जलाभिषेक करने गए थे। वहां से किसी कार्य से उसहैत लौटते समय गिल्टैया गांव के पास बदायूं की ओर से आ रही एक ऑल्टो कार से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और राजा बाबू गंभीर रूप से घायल हो गए।
डॉक्टरों ने युवक की हालत चिंताजनक बताई। इसके बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस