10:24 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

आषाढ़ अमावस्या स्नान से पहले कछला गंगा घाट पर डीएम-एसएसपी का निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

बदायूं

आषाढ़ अमावस्या स्नान से पहले कछला गंगा घाट पर डीएम-एसएसपी का निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

केशव गुप्ता

बदायूँ। आषाढ़ अमावस्या गंगा स्नान पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने थाना उझानी क्षेत्र स्थित कछला गंगा घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं के लिए की गई सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, पार्किंग स्थल, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन तथा कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई। श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए चिन्हित स्थानों का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
डीएम और एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। गंगा घाट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की प्रभावी ड्यूटी लगाई जाए। साथ ही स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए और यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन सुरक्षित एवं निर्बाध बना रहे।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश पाल, क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस