हथौड़े से तोड़ा बिजली का पोल, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात, वीडियो वायरल।
बिल्सी बदांयू 13 जुलाई।
बदायूं जिले के बिल्सी नगर में देर रात एक अज्ञात युवक ने बिजली के पोल को हथौड़े से तोड़ दिया। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना का वीडियो सोमवार सुबह 10 बजे सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
बिल्सी नगर के मोहल्ला नंबर 4 में गांधी पार्क से गल्ला मंडी जाने वाले व्यस्त मार्ग पर लगा बिजली का पोल क्षतिग्रस्त कर दिया गया। स्थानीय निवासियों ने सुबह जानकारी होने पर बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचित किया।
मोहल्ला नंबर 4 निवासी अजय वर्मा ने आरोप लगाया कि उनकी दुकान के सामने लगा बिजली का पोल किसी अज्ञात व्यक्ति ने तोड़ा है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि क्षतिग्रस्त पोल कभी भी गिर सकता है।
स्थानीय निवासी दुर्गेश ने बताया कि यह मार्ग काफी व्यस्त रहता है और यहां भारी भीड़ लगी रहती है। पोल गिरने से बड़ा हादसा होने की आशंका है।
बिल्सी विद्युत विभाग के जेई राजेश कुमार सिंह ने पुष्टि की कि सीसीटीवी फुटेज में एक युवक को बिजली का पोल तोड़ते हुए देखा गया है।
उन्होंने बताया कि विभाग इस मामले में बिल्सी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराएगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल क्षतिग्रस्त पोल को लेकर विभाग ने सुरक्षा के इंतजाम शुरू कर दिए हैं।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

