11:29 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

कछला घाट पर आस्था भारी, सुरक्षा हल्की: बढ़े जलस्तर में भी बिना लाइफ जैकेट दौड़ रहीं नावें

सावन में घाट पर उमड़ेगी भीड़, नाव चालक कर रहे नियमों की अनदेखी

उझानी-बदांयू 12 जुलाई।

आषाढ़ अमावस्या पर कल बदांयू के कछला घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ेगा। सैकड़ों श्रद्धालु गंगा स्नान और पूजा के लिए पहुंचेंगे, लेकिन इसी बीच प्रशासन की लापरवाही भी खुलकर सामने आ गई।

गंगा में जलस्तर सामान्य से ऊपर होने के बावजूद कई नाव चालक श्रद्धालुओं को बिना लाइफ जैकेट के ही नदी की सैर करा रहे थे। नावों में न तो सुरक्षा उपकरण थे और न ही चालकों को बचाव का कोई प्रशिक्षण।

नाव चालकों का कहना है कि जलस्तर बढ़ने के बाद से श्रद्धालुओं की संख्या घट गई है। इससे उनकी आमदनी पर असर पड़ा है और रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। इसी वजह से वे नियमों को ताक पर रखकर नाव चला रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि एक छोटी सी लापरवाही पूरे परिवार को उजाड़ सकती है। प्रशासन को अभी से सख्ती बरतनी चाहिए। क्योंकि अगले माह कांवड़ियों का गंगा घाट पर सैलाब उमड़ेगा। अगर कोई दुर्घटना हुई तो प्रसाशन को संभालना मुश्किल होगा।

नगर पंचायत अध्यक्ष जगदीश चंद्र ने कहा कि नाव चालकों को समय-समय पर सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए जाते हैं। श्रद्धालुओं की जान से कोई समझौता नहीं होगा। मामले की जांच कराई जाएगी और बिना लाइफ जैकेट के नाव चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कछला घाट धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। हर बड़े पर्व पर यहां भारी भीड़ जुटती है। ऐसे में प्रशासन को चाहिए कि घाट पर स्थायी रूप से SDRF, गोताखोर और लाइफ जैकेट की व्यवस्था सुनिश्चित करे। साथ ही हर नाव की रोजाना जांच हो ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस