12:40 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में कादरचौक रोड पर लगा भीषण जाम, रेलवे स्टेशन पर मक्का लोडिंग बनी वजह

4 बजे से लगा जाम, पैदल निकलना भी हुआ मुश्किल, प्रशासन बना मौन दर्शक।

उझानी-बदांयू 11 जुलाई।

उझानी नगर में कादरचौक मार्ग शनिवार शाम जाम की भेंट चढ़ गया। रेलवे स्टेशन पर मक्का की लोडिंग के चलते दोपहर करीब 4 बजे से शुरू हुआ जाम देर शाम तक लगा रहा। हालात ऐसे थे कि बाइक तो दूर, पैदल चलने वालों को भी रास्ता नहीं मिल सका।

स्थानीय लोगों के अनुसार उझानी में अढौली फाटक पार करते ही धर्म कांटे पर तौल कराने की होड़ मच जाती है। ट्रैक्टर चालक अपने वाहनों को आड़ा-तिरछा खड़ा कर देते हैं। इसी वजह से हर दिन जाम लगता है। शनिवार को मक्का से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली की लाइन लग जाने से समस्या और बढ़ गई।

नगरवासियों का कहना है कि कादरचौक रोड पर जाम अब रोज की बात हो गई है। बावजूद इसके न परिवहन विभाग का कोई सिपाही दिखता है और न कोतवाली पुलिस इस ओर ध्यान देती है।

ओवरलोड वाहन निकलने की जल्दी में कई बार नगरपालिका के खुले नाले में गिर चुके हैं। अब तक कई ई-रिक्शा भी नाले में गिरे हैं, जिनमें बैठी सवारियों को चोटें आई हैं। इसके बाद भी प्रशासन इस रोज-रोज लगने वाले जाम को लेकर गंभीर नहीं दिख रहा।

जाम में फंसे रजनेश यादव ने कहा – “स्कूल की छुट्टी और मंडी का टाइम एक साथ पड़ता है। एक घंटे तक फंसे रहते हैं। कोई पूछने वाला नहीं।”
एक ई-रिक्शा चालक बोला – _”नाला खुला पड़ा है। रात में एक बार गिरे तो जान का खतरा है।”

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि रेलवे स्टेशन पर लोडिंग के लिए समय तय किया जाए, धर्म कांटे पर ट्रैफिक पुलिस तैनात की जाए और ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई हो। फिलहाल जाम की वजह से घंटों तक एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहन भी फंसे रहे।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस