।
उझानी से जिरौलिया तक 1 घंटे तक फंसे रहे सैकड़ों वाहन, धूल से बेहाल हुए यात्री।
उझानी-बदांयू 11 जुलाई।
बरेली-मथुरा हाईवे पर निर्माण कंपनी की लापरवाही रोजाना आम जनता पर भारी पड़ रही है। शनिवार शाम उझानी से जिरौलिया गांव तक करीब 4 किमी तक लंबा जाम लग गया। वजह बनी निर्माण में लगी कंपनी के मिट्टी से भरे डंपर।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाईवे की एक साइड ऊंची करने के लिए डंपर लगातार मिट्टी डाल रहे थे। आने-जाने के लिए बची सिंगल रोड पर भी डंपर बेरोक-टोक आ-जा रहे थे। न इंडिकेटर, न साइड सिग्नल। अचानक दर्जनों डंपर सड़क क्रॉस करने लगे तो बस, ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइकें जाम में फंस गईं।
ऊपर से डंपरों से उड़ती धूल ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया। बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी।
सूचना पर उझानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद सभी डंपरों को एक साइड खड़ा करवाकर जाम खुलवाया गया। तब जाकर फंसे यात्रियों ने राहत की सांस ली।
जाम में फंसे एक बस चालक ने कहा – रोज शाम को यही तमाशा होता है। कंपनी को न ट्रैफिक की परवाह है न जनता की।
एक महिला यात्री बोलीं – धूल इतनी कि दम घुट रहा था। बच्चे उल्टी करने लगे।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि पिछले 15 दिनों से हर दूसरे दिन जाम लगता है। लोगों ने मांग की है कि निर्माण कंपनी पर जुर्माना लगाया जाए, डंपरों के लिए अलग समय तय हो और सड़क पर पानी का छिड़काव हो ताकि धूल न उड़े।
राजेश वार्ष्णेय एमके


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

