बदायूं
अवैध हथियारों के साथ दो युवक गिरफ्तार, अलापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
केशव गुप्ता
बदायूँ/अलापुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अलापुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो युवकों को अवैध तमंचों और जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी दातागंज के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना अलापुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक अवैध हथियारों के साथ क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ककराला-अलापुर मार्ग पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन पुत्र राहत अली तथा मन्नान पुत्र शाकिर, निवासी वार्ड संख्या-22, कस्बा ककराला, थाना अलापुर, जनपद बदायूँ के रूप में हुई। तलाशी के दौरान अमन के कब्जे से एक अवैध 315 बोर का तमंचा व एक जिंदा कारतूस तथा मन्नान के कब्जे से एक 12 बोर का तमंचा व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
बरामदगी के आधार पर थाना अलापुर में मु0अ0सं0 145/2026 के तहत धारा 3/25(1-B)(a) आयुध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक माधौ सिंह बिष्ट के नेतृत्व में उपनिरीक्षक गौरव कुमार, हेड कांस्टेबल कमलेश कुमार, हेड कांस्टेबल शिववीर सिंह, कांस्टेबल अजीत कुमार, कांस्टेबल रमेश तथा कांस्टेबल रोबिन राणा की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

