3:28 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी -बारिश में दलदल बना लोकी चौराहा, कार ट्रैक्टर-ई-रिक्शा फंसे, कई बाइक सवार घायल।

उझानी -बारिश में दलदल बना लोकी चौराहा, कार ट्रैक्टर-ई-रिक्शा फंसे, कई बाइक सवार घायल।

जल निगम की अधूरी पैचिंग बनी मुसीबत, मिट्टी धंसने से बने गहरे गड्ढे।

उझानी (बदायूं), 9 जुलाई।

तेज बारिश के बाद नगर के मोहल्ला गंजशहीदा में पंखा रोड जाने वाले लोकी चौराहे पर सड़क दलदल में तब्दील हो गई। कीचड़ और गड्ढों के कारण बुधवार शाम करीब एक घंटे तक आवागमन ठप रहा। इस दौरान कार,ट्रैक्टर-ट्रॉली और कई ई-रिक्शा फंस गए, जबकि फिसलन से 8 से 10 बाइक सवार गिरकर घायल हो गए।

घटना मोहल्ला गंजशहीदा सोसाइटी के पास स्थित लोकी चौराहे की है। बुधवार दोपहर एक बजे सबसे पहले एक ट्रैक्टर-ट्रॉली कीचड़ में धंस गई। उसे निकालने के प्रयास के दौरान पीछे से आ रहे 3-4 ई-रिक्शा भी उसी जल निगम द्वारा किए दलदल में फंस गए। वाहनों के जाम में फंसने से चौराहे पर लंबी कतार लग गई।

इसी बीच फिसलन के कारण कई बाइक सवार नियंत्रण खो बैठे। बीती शाम व रात में कार भी गड्ढे में फंस गई। स्थानीय लोगों के अनुसार 8 से 10 बाइक सवार गिरे हैं। इनमें से 4 घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह हालात सिर्फ बारिश की वजह से नहीं हैं। जल निगम ने मंगलवार को पेयजल पाइप लाइन डालने के लिए सड़क को खोदकर पाइप तो डाल दिए, लेकिन सड़क को सिर्फ मिट्टी से भरकर छोड़ दिया। पैचिंग नहीं की गई। बुधवार की बारिश के बाद मिट्टी धंसने से सड़क पर 1 से 2 फुट गहरे गड्ढे बन गए, जिसमें वाहन लगातार फंस रहे हैं।

स्थानीय निवासी नीरज गुप्ता और आयुष बंसल ने कहा, यहां नाली की सफाई न होने से हर बारिश में चौराहा दलदल बन जाता है। ऊपर से जल निगम ने सड़क खोदकर ऐसे ही छोड़ दी। अब रोजाना हादसे हो रहे हैं।

कीचड़ और गड्ढों के कारण राहगीरों के साथ स्कूली बच्चे और बुजुर्ग भी परेशान हैं। लोगों ने नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि तुरंत जेसीबी से मिट्टी हटाकर गड्ढे भरे जाएं और स्थायी मरम्मत कराई जाए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क दुरुस्त नहीं की गई तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस