2:26 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी -मिट्टी डालकर निपटा दिया काम, दलदल में पलटी ट्रॉली – बाल-बाल बचा चालक

उझानी-बदांयू 8 जुलाई।

लापरवाही की हद हो गई जल निगम ने रात में सड़क खोदी, सुबह मिट्टी डालकर पल्ला झाड़ लिया। न बैरिकेड, न चेतावनी, न जिम्मेदारी। और नतीजा – पहली बारिश में ही लोकी चौराहा मौत का कुंआ बन गया।

बुधवार दोपहर एक बजे मोहल्ला गंजशहीदा स्थित पंखा रोड पर एक ट्रैक्टर ट्रॉली दलदल में फंसकर पलट गई। गनीमत रही कि चालक ने फुर्ती दिखाकर छलांग लगा दी, वरना बड़ा हादसा तय था।

बीती रात जल निगम की टीम ने पाइपलाइन के लिए जेसीबी से सड़क तहस-नहस कर दी। पाइप डालने के बाद गड्ढे को भरने की जहमत नहीं उठाई। ईंट, बजरी, मलबा कुछ नहीं। सीधे ऊपर से मिट्टी पटक कर टीम निकल गई।

सुबह बारिश हुई तो वही मिट्टी कीचड़ में बदल गई। इसी कीचड़ में फंसकर ट्रॉली असंतुलित हुई और सड़क पर औंधी हो गई। मौके पर जाम लग गया। बाइक सवार और पैदल लोग भी फिसल-फिसल कर जान बचाते रहे।

स्थानीय रामप्रकाश का गुस्सा फूट पड़ा, हर बार यही तमाशा। खोदकर छोड़ दो, फिर हादसे का इंतजार करो। आज ट्रॉली पलटी, कल कोई इंसान नहीं बचेगा।

उझानी में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क सुधार के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है। घंटाघर से गंजशहीदा तक हर चौराहे का यही हाल है।

जनता पूछ रही है – जब करोड़ों की पाइपलाइन बिछा सकते हो तो कुछ हजार में सड़क दुरुस्त क्यों नहीं कराते।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस