12:43 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में लगातार भारी बारिश से जलभराव, यातायात प्रभावित

तापमान में 5 डिग्री की गिरावट, उमस से मिली राहत।

उझानी-बदांयू 8 जुलाई।

उझानी में बुधवार की रात व गुरुवार दोपहर एक बजे से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। दोपहर करीब एक बजे शुरू हुई तेज बारिश के बाद उझानी के प्रमुख मार्गों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में पानी भर गया।

बारिश के कारण शहर की जल निकासी व्यवस्था की खामियां एक बार फिर उजागर हो गईं। कई मोहल्लों में नालियां उफान पर आ गईं और सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ, जिससे लोगों को आवागमन में खासी परेशानी उठानी पड़ी।

बारिश के चलते मौसम में भी बदलाव आया। अधिकतम तापमान में लगभग 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे पारा 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। लगातार बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दी।


हालांकि जलभराव वाले क्षेत्रों में सुरक्षा कारणों से बिजली आपूर्ति भी रोक दी गई, जिसके चलते कई मोहल्लों में अंधेरा छा गया। देर शाम तक बारिश जारी रहने से निचले इलाकों में पानी भरने की आशंका बनी हुई है।

नगर पालिका प्रशासन से लोगों ने मांग की है कि बारिश से पहले नालों की सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।

— राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस