12:44 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

संस्कार और शिक्षा के संगम से सजा उझानी के धनवती देवी कॉलेज का वार्षिकोत्सव।

उझानी में हर्षोल्लास से मनाया गया धनवती देवी सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव।

उझानी-बदांयू 8 जुलाई।

नगर के गौशाला फाटक, अचौरा रोड स्थित धनवती देवी सरस्वती बालिका आवासीय इंटर कॉलेज के दो वर्ष पूर्ण होने पर मंगलवार को वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बदायूं की पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल, विशिष्ट अतिथि डॉ. बीरेश सिंह, विद्यालय प्रबंधिका अंजू चौहान एवं विद्यालय अध्यक्ष रवि समदर्शी महाराज ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, नृत्य और एकांकी नाटक प्रस्तुत किए। अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित प्रस्तुतियों को देखकर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं को अतिथियों ने पुरस्कृत कर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि दीपमाला गोयल ने कहा कि आज के समय में बेटियों की शिक्षा सबसे बड़ी आवश्यकता है। एक बेटी शिक्षित होती है तो पूरा परिवार और समाज शिक्षित होता है। धनवती देवी सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज जैसी संस्थाएं बालिकाओं को न केवल शिक्षा दे रही हैं, बल्कि उन्हें संस्कारवान और आत्मनिर्भर भी बना रही हैं। बेटियां आज का भविष्य हैं, उनकी शिक्षा से ही सशक्त और विकसित राष्ट्र का निर्माण होगा।

विशिष्ट अतिथि डॉ. बीरेश सिंह ने कहा कि केवल प्रमाणपत्र लेना ही शिक्षा नहीं है। शिक्षा का असली उद्देश्य चरित्र निर्माण और संस्कार देना है। यह विद्यालय बालिकाओं को शिक्षा के साथ आत्मविश्वास भी दे रहा है। शिक्षिकाओं का योगदान सराहनीय है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस सेवानिवृत्त वयोवृद्ध दरोगा लल्लू सिंह चौहान ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार देना विद्यालयों का सबसे बड़ा दायित्व है। शिक्षक ही राष्ट्र निर्माता हैं।

इस अवसर पर प्रबंधिका अंजू चौहान और प्रधानाचार्या गीता यादव ने सभी अतिथियों का तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यक्रम का सफल संचालन चैतन्य चौहान एवं प्रगति शाक्य ने संयुक्त रूप से किया।

इस मौके पर हिमांचल सिंह चौहान, कुमारी वार्तिका सिंह, वैभव सिंह चौहान, यश कुमार, अंशुल कुमार, पुष्पेंद्र, गंगा सिंह, दिनेश कुमार, दिव्या, प्रतिभा, अनामिका, स्वाती, अल्का, राधा, अंकिता, गुनगुन, यशी, रश्मि, शशि आदि का विशेष सहयोग रहा।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस