बदांयू -बढ़ती महंगाई से बेहाल व्यापार और आम जनता, राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन
।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने पेट्रोल-डीजल, गैस और बिजली के दाम घटाने की मांग की।
बदायूं, 7 जुलाई।
बढ़ती महंगाई के विरोध में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश ने मंगलवार को राष्ट्रपति के नाम संबोधित मांगपत्र जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में एसडीएम दातागंज प्रेमपाल सिंह को सौंपा। प्रांतीय आह्वान पर प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ ज्ञापन दिए गए।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता ‘शोंटू’ और जिला महामंत्री हाजी राशिद सैफी ने किया।
जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता ने कहा कि पेट्रोल-डीजल, घरेलू और वाणिज्यिक गैस तथा बिजली की बढ़ती लागत ने व्यापार, लघु एवं कुटीर उद्योगों और आम उपभोक्ताओं पर गंभीर आर्थिक बोझ डाल दिया है। परिवहन महंगा होने से आवश्यक वस्तुओं के दाम रोज बढ़ रहे हैं। इससे व्यापार प्रभावित हो रहा है और आम आदमी का मासिक बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।
व्यापारियों की प्रमुख मांगें- पेट्रोल-डीजल के दामों में तत्काल कमी की जाए।
घरेलू गैस- एलपीजी पर सब्सिडी बहाल कर आम जनता को राहत दी जाए।
कमर्शियल गैस- वाणिज्यिक सिलेंडरों के दाम कम किए जाएं ताकि छोटे व्यापारी, होटल व्यवसायी और लघु उद्योग राहत पा सकें।
बिजली- बिलों पर लगा 10 फीसदी ईंधन अधिभार तुरंत हटाया जाए। बिना सूचना लोड बढ़ाना उपभोक्ताओं के साथ धोखा है।
लागत कम करने के प्रभावी कदम उठाए जाएं जिससे सब्जी, राशन और अन्य जरूरी सामान सस्ते हों।
जिला उपाध्यक्ष रूपेंद्र सिंह लाम्बा ने कहा कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग, निम्न आय वर्ग और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है। जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश शंखधार ने परिवहन लागत नियंत्रित करने की मांग दोहराई।
नगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता और नगर महामंत्री संजय रस्तोगी ने कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो व्यापार, रोजगार और जनजीवन पर इसका प्रतिकूल असर और बढ़ जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार को इस जनहित के मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
इस मौके पर प्रदेश युवा अध्यक्ष नवनीत गुप्ता ‘शोंटू’, जिला महामंत्री हाजी राशिद सैफी, नगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, जिला महामंत्री संजीव आहूजा, जिला उपाध्यक्ष रूपेंद्र सिंह लाम्बा, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश शंखधार, जिला संगठन मंत्री सर्वत हमीद खान, जिला उपाध्यक्ष जावेद खान, नगर महामंत्री संजय रस्तोगी, नगर चेयरमैन दिनेश गुप्ता, जिलाध्यक्ष उद्योग मंच सर्वेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

