बदायूं
कछला में ई-रिक्शा की टक्कर से 10 वर्षीय बच्चे की मौत, माता-पिता गंभीर।
उझानी-बदांयू 6 जुलाई।
कोतवाली उझानी क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाइवे पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने बाइक सवार एक परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बदायूं के थाना अलापुर क्षेत्र के उपरैला गांव निवासी 35 वर्षीय ओमवीर अपनी पत्नी बबली और 10 वर्षीय बेटे सुशांत के साथ बाइक से पटना गांव रिश्तेदारी में जा रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे जीबी पंत डिग्री कॉलेज कछला के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में सुशांत की मौके पर ही मौत हो गई। ओमवीर और उसकी पत्नी बबली गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची उझानी पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सुशांत के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल दंपती को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं में भर्ती कराया गया है।
सुशांत की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

