12:03 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

एनकाउंटर से 500 मीटर दूर बिजली चोरों का तांडव: पुलिस मुठभेड़ में उलझी, चोरों ने काट डाले 12 खंभों के तार।

ग्रामीणों ने एक को खंभे से पकड़ा।

बदांयू 2 जुलाई।

यूपी पुलिस का दोहरा चेहरा बुधवार रात सिविल लाइंस में दिखा। एक तरफ पुलिस 50 हजार के इनामी बदमाश जितेंद्र का एनकाउंटर कर रही थी, वहीं ठीक 500 मीटर दूर भरकुईया गांव में चोरों का गिरोह हाईटेंशन लाइन के तार काट रहा था। जब तक पुलिस गोलियों की गूंज में उलझी रही, तब तक चोर 10 से 12 बिजली के खंभों को नंगा कर चुके थे।

रात करीब 2:30 बजे 7-8 हथियारबंद चोर एक इको गाड़ी से भरकुईया गांव पहुंचे। अंधेरे का फायदा उठाकर ये शातिर खंभों पर चढ़ गए और प्लास से हाईटेंशन तार काटने लगे। गांव की बिजली गुल होते ही लोगों को शक हुआ। जब कुछ ग्रामीण छतों पर चढ़े तो खंभों पर लटके चोर दिख गए।

भनक लगते ही दर्जनों ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों की भीड़ और शोर सुनकर 7 चोर तो अंधेरे में भाग निकले, पर एक चोर खंभे पर ही फंस गया। ग्रामीणों ने उसे घेरकर नीचे उतारा और रातभर बंधक बनाकर रखा। सुबह होते ही उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

सबसे बड़ा सवाल ये है कि जिस वक्त सिविल लाइंस में पुलिस फोर्स इनामी बदमाश जितेंद्र को घेरकर मुठभेड़ कर रही थी, उसी दौरान महज 500 मीटर के दायरे में चोर घंटों तक तार काटते रहे। पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात था, फिर भी चोरों को भनक तक नहीं लगी। इस घटना ने बदायूं पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पकड़े गए चोर से पूछताछ में पता चला कि ये गिरोह पहले भी कई जिलों में बिजली लाइन चोरी की वारदात कर चुका है। पुलिस अब फरार 7 साथियों और इको गाड़ी की तलाश में जुट गई है। एसएसपी अंकिता शर्मा ने कहा, एनकाउंटर के दौरान पुलिस व्यस्त थी, इसी का फायदा चोरों ने उठाया। पूरे गिरोह को जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

भरकुईया के लोगों का कहना है कि अगर वो जागते नहीं तो पूरा गांव हफ्तों अंधेरे में रहता। “500 मीटर पर पुलिस मुठभेड़ कर रही थी और यहां चोर आराम से तार काट रहे थे। क्या आम आदमी की सुरक्षा की जिम्मेदारी सिर्फ हमारी है?” एक ग्रामीण ने गुस्से में पूछा।

विज्ञापन एक्सप्रेस