5:11 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

कादरचौक के कुरखेडा में अन्त्येष्टि स्थल बनने का रास्ता साफ, 24.36 लाख की लागत से होगा निर्माण

कादरचौक के कुरखेडा में अन्त्येष्टि स्थल बनने का रास्ता साफ, 24.36 लाख की लागत से होगा निर्माण।

उझानी-बदांयू 1 जुलाई।

विकास खण्ड कादरचौक की ग्राम पंचायत कुरखेड़ा को वित्तीय वर्ष 2026-27 में अन्त्येष्टि स्थल विकास योजना के तहत चयनित किया गया है। यहां 24.36 लाख रुपये की लागत से आधुनिक अन्त्येष्टि स्थल का निर्माण कराया जाएगा।

जिला पंचायत राज अधिकारी यावर अब्बास ने पत्र जारी कर ग्राम पंचायत सचिव को तत्काल राष्ट्रीयकृत बैंक में नया बचत खाता खुलवाने के निर्देश दिए हैं। यह खाता ‘अन्त्येष्टि स्थल विकास (ASV)’ के नाम से खोला जाएगा। इसी खाते में निर्माण एवं प्रशासनिक मद की धनराशि कोषागार से अंतरित की जाएगी।

निदेशक, पंचायती राज उ0प्र0 लखनऊ के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 17 अन्त्येष्टि स्थलों के विकास की योजना है। इसी के तहत जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में 22 जून 2026 को हुई बैठक में कुरखेड़ा ग्राम पंचायत का चयन किया गया।

डीपीआरओ ने पत्र में स्पष्ट किया है कि यह कार्य शासन की शीर्ष प्राथमिकता में है। इसमें किसी भी तरह का विलम्ब न किया जाए। ग्राम पंचायत को निर्देश दिया गया है कि खाता खुलवाकर उसकी सूचना तत्काल कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

अन्त्येष्टि स्थल निर्माण के लिए प्रति इकाई लागत 24.36 लाख रुपये निर्धारित की गई है। योजना के तहत अन्त्येष्टि स्थलों पर टीनशेड, चबूतरा, पानी, बैठने की व्यवस्था और बाउंड्रीवाल जैसे कार्य कराए जाएंगे।

विज्ञापन एक्सप्रेस