11:10 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस 01 जुलाई पर चिकित्सकों को नमन- डाॅ आर के वर्मा

“गर्व है मुझको कि मैं चिकित्सक हूँ”

बदांयू 1 जुलाई।

कुर्बान करके अपने शौक और जवानी को
मैं खुद को इस कठिन मुकाम पर लाया हूँ
क्योंकि मैं खुद का नहीं बल्कि जमाने का शुभचिंतक हूँ,
गर्व है मुझको कि मैं चिकित्सक हूँ।

अपनों को खुश नहीं कर पाता, शिकायतें दूर नहीं कर पाता
पर अपने मरीजों के सुकून का हर पल ख्याल रखता हूँ
कई मायूस चेहरों के लिए मैं उम्मीद की एक रंगत हूँ,
गर्व है मुझको कि मैं चिकित्सक हूँ।

मरीजों की सेहत के खातिर फर्क कभी ना दिन-रात का समझो
अपने हर पल को पहले अपने मरीजों पर न्योछावर करना है
ऐसी महान चिकित्सक परंपरा का मैं संरक्षक हूँ,
गर्व है मुझको कि मैं चिकित्सक हूँ।

कहता है जमाना धरती का भगवान जिसको
आज उसी भगवान की जान को जमाने से खतरा है
मैं फिर भी हर हाल में तुम्हारे प्राणों का रक्षक हूँ,
गर्व है मुझको कि मैं चिकित्सक हूँ।

ना परवाह मुझे अपने अस्तित्व की है
और ना डर किसी आज्ञा और दरबार का है
मैं तो बस अपने सिद्धांतों और भावनाओं का बंधक हूँ,
गर्व है मुझको कि मैं चिकित्सक हूँ।

अक्सर टूट जाते हैं लोग जरा सी तकलीफ पाकर
मैंने अपनी हर तकलीफ भूलकर औरों के दर्द की दवा की है
ऐसी अपनी चिकित्सा विद्या का मैं घोर प्रशंसक हूँ,
गर्व है मुझको कि मैं चिकित्सक हूँ।

जब तक जीना है समाज की सेवा करना है
अगले जन्म में मुझे फिर से चिकित्सक बनना है
हे प्रभु, आपके आशीर्वाद के खातिर मैं हमेशा नतमस्तक हूँ,
गर्व है मुझको कि मैं चिकित्सक हूँ।

̶ ̶ ̶ ̶ ̶ ̶
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस 01 जुलाई पर सभी डॉक्टरों को समर्पित।
_देश के हर कोने में दिन-रात सेवा करने वाले सभी चिकित्सकों को नमन। डाॅ आर के वर्मा,जिला अस्पताल बदांयू।

विज्ञापन एक्सप्रेस