बदायूं
राव फार्म हाउस कार्यक्रम से लौट रहे युवक की हत्या का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जरीफनगर पुलिस ने बोलेरो और हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की, एसएसपी के निर्देशन में तीन टीमों ने किया सफल अनावरण
केशव गुप्ता
बदायूँ। थाना जरीफनगर पुलिस ने बीते दिनों हुई युवक की हत्या के मामले का सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की सब्बलनुमा रॉड तथा घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को थाना जरीफनगर क्षेत्र स्थित राव फार्म हाउस पर आयोजित शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद ग्राम अल्लीपुर टप्पा हवेली निवासी भूरे सिंह अपने साथी राकेश के साथ वापस लौट रहे थे। दांदरा–करियावेन संपर्क मार्ग पर देर रात दोनों पर जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल भूरे सिंह को परिजन सीएचसी सहसवान लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल राकेश को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज बदायूँ रेफर किया गया।
मृतक के पुत्र राजाबाबू की तहरीर के आधार पर थाना जरीफनगर में कप्तान सिंह समेत पांच लोगों के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर तीन पुलिस टीमें गठित की गईं।
जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर मंगलवार 30 जून को पुलिस ने मुख्य आरोपी कप्तान सिंह पुत्र डाल सिंह, निवासी ग्राम अल्लीपुर टप्पा हवेली, थाना सहसवान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो (यूपी-25 डीए-4573) तथा हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की सब्बलनुमा रॉड भी बरामद की।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया।
इस कार्रवाई को थाना जरीफनगर के प्रभारी निरीक्षक सुमित कुमार शर्मा एवं उनकी पुलिस टीम ने अंजाम दिया। हत्या के इस चर्चित मामले का सफल खुलासा होने पर पुलिस की कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

