बदायूं
सड़क सुरक्षा पर बदायूँ पुलिस का बड़ा अभियान: 901 वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप, 913 चालान, 34 वाहन सीज
केशव गुप्ता
बदायूँ। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा 22 जून से 28 जून 2026 तक 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न स्थानों पर संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर भारी एवं अन्य वाहनों पर सुरक्षा की दृष्टि से रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए। इस दौरान कुल 901 वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए, जिनमें 159 ट्रक, 277 ट्रैक्टर और 465 अन्य वाहन शामिल रहे।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई करते हुए 913 वाहनों के चालान किए गए तथा 34 वाहनों को सीज किया गया। कार्रवाई के तहत ट्रैक्टर के 17 चालान व 7 सीज, डम्पर/ट्रक के 23 चालान व 1 सीज, जबकि अन्य श्रेणी के 873 वाहनों के चालान और 26 वाहन सीज किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी वाहन चालक सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में अपना सहयोग दें।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

