5:09 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में ‘लोड न डालें’ का फरमान, खुद ओवरलोड कर रहा विभाग।

बैतहाशा कटौती, 15 घंटे अंधेरा, 42° में उबल रहा शहर।

उझानी-बदांयू 29 जून ।

42 डिग्री की झुलसाती गर्मी में उझानी की बिजली व्यवस्था ने दम तोड़ दिया है। दो दिन से बिजली कटौती को लेकर पूरे नगर में हाहाकार मचा हुआ है। हालात ये हैं कि फीडर नंबर-2 और नंबर-5 में 24 घंटे में महज 4 से 6 घंटे ही बिजली मिल पा रही है।

बिजली घर का हाल देखिए- जो ट्रांसफार्मर 100 KVA का है, उस पर 300 KVA से ज्यादा का लोड चल रहा है। तकनीकी भाषा में ये ओवरलोडिंग नहीं सिस्टम का मर्डर है। मजे की बात, क्षमता बढ़ाने की जगह विभाग रोज नए कनेक्शन बांट रहा है।

जिस किसी मोहल्ले में बिजली आती भी है तो इतनी ट्रिपिंग होती है कि गिनती करना मुश्किल। 5 मिनट बिजली आती है, 20 मिनट गुल। इन्वर्टर जवाब दे चुके हैं, पंखे-कूलर शोपीस बन गए हैं। बच्चे-बुजुर्ग गर्मी से बिलबिला रहे हैं।

उधर बिजली घर के व्हाट्सएप ग्रुप में रोज सुबह मैसेज चिपकाया जाता है: सम्मानित उपभोक्ता, कृपया लोड न डालें सहयोग करें। इस पर उपभोक्ता पलटकर पूछ रहे हैं- साहब, 4000 रुपये महीना बिल भर रहे हैं, AC-कूलर चलाने के लिए ही कनेक्शन लिया है। लोड नहीं डालेंगे तो क्या दिया जलाएंगे?।

शहर में कटिया डालकर AC चलाने वालों की भरमार है, लेकिन विभाग की टीम कभी जांच करने नहीं निकलती। वजह? बिजली घर में लाइनमैन से लेकर जेई तक के आधे पद खाली हैं। नतीजा- बिल भरने वाला भी उतनी ही कटौती झेल रहा है जितनी चोरी करने वाला।

बिजली संकट पर जनप्रतिनिधि मौन हैं और अधिकारियों के दर्शन दुर्लभ। अधिशासी अभियंता से लेकर SDO तक, ज्यादातर अफसरों के CUG नंबर या तो बंद मिलते हैं या घंटी जाने पर कोई उठाता नहीं।

बिजली घर के एक अधिकारी का कहना है, नए ट्रांसफार्मर का प्रस्ताव भेजा है। स्टाफ की मांग भी की गई है।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस