छात्रा से अश्लील हरकत का आरोप, शिक्षक हिरासत में, मुकदमा दर्ज
कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 8 की छात्रा के साथ कथित अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी शिक्षक मेनपाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
बताया गया है कि शनिवार को विद्यालय की छुट्टी के बाद शिक्षक ने छात्रा को किसी काम का बहाना बनाकर रोक लिया। आरोप है कि उसने कमरे में ले जाकर छात्रा के साथ अश्लील हरकत की और किसी को घटना बताने पर धमकी भी दी। घर पहुंचने पर छात्रा ने अपनी मां को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण विद्यालय पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी शिक्षक मूल रूप से सहानपुर का निवासी बताया जा रहा है और वजीरगंज में किराये के मकान में रहकर विद्यालय में तैनात था। घटना के बाद छात्रा सदमे में है, जबकि क्षेत्र में लोगों में रोष व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

