6:20 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

अलापुर – 4 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली

4 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली

बदायूं। जनपद के थाना अलापुर क्षेत्र में 4 वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण एवं दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अबरार (58 वर्ष) को रविवार सुबह पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि थाना अलापुर के उपनिरीक्षक गौरव कुमार भी आरोपी की फायरिंग में घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 की शाम मासूम बच्ची घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई थी। परिजनों की सूचना पर तत्काल पुलिस ने खोजबीन शुरू की और कुछ घंटों बाद बच्ची गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर खेतों से बरामद हुई। बच्ची के शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि होने पर मुकदमे में संबंधित धाराएं एवं पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना अलापुर पुलिस, महिला थाना, एसओजी एवं सर्विलांस टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अबरार की पहचान की गई।

रविवार प्रातः आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में उसके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, चार खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, ₹110 नकद तथा घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित अंगोछा बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने वासना के वशीभूत होकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, अपहरण, पॉक्सो एक्ट एवं आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस