दुगरैया मार्ग पर उपलों के ढेर में लगी आग, ग्रामीणों ने बुझाकर टाला बड़ा हादसा
कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव (बदायूं)। शनिवार को कुंवरगांव-दुगरैया मार्ग पर ग्राम दुगरैया के पास सड़क किनारे रखे उपलों के ढेर में अचानक आग लग गई। आग की तेज लपटों से आसपास अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में भी दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, आग जीतराम श्रीवास्तव के उपलों के ढेर में लगी थी। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पानी व मिट्टी की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। ग्रामीणों की सूझबूझ से आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना पर यूपी-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि दमकल विभाग की गाड़ी सूचना के काफी देर बाद पहुंची, जबकि तब तक आग पर पूरी तरह काबू पाया जा चुका था।
इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन उपलों के जल जाने से संबंधित व्यक्ति को आर्थिक नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

