6:20 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

कुंवर गांव – ढाई महीने से फुंका ट्रांसफार्मर नहीं बदला

ढाई महीने से फुंका ट्रांसफार्मर नहीं बदला, किसान ने जेई पर लगाए गंभीर आरोप

कुंवर गांव संवाददाता

कुंवरगांव बदांयू । थाना क्षेत्र के गांव भांसी निवासी किसान मोरपाल पुत्र श्रीराम लोधे के निजी नलकूप पर लगा 25 केवीए ट्रांसफार्मर पिछले करीब ढाई महीने से फुंका पड़ा है। किसान का आरोप है कि कई बार शिकायत और क्षमता वृद्धि के लिए प्रार्थना पत्र देने के बावजूद न तो ट्रांसफार्मर बदला गया और न ही उसकी क्षमता बढ़ाई गई, जिससे खेतों में खड़ी मूंगफली, लौकी और तुरई की फसल सूखकर बर्बाद हो गई।

किसान मोरपाल एवं मदनलाल का कहना है कि उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा को प्रार्थना पत्र दिया था, जिस पर मंत्री द्वारा संबंधित अधिकारियों को समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए थे। उनका आरोप है कि इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। किसानों ने बिजली उपकेंद्र के जेई पर 20 हजार रुपये मांगने तथा मंत्री के हस्ताक्षरित प्रार्थना पत्र को फाड़ने का भी आरोप लगाया है। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी है।

किसानों का कहना है कि उन्होंने सदर विधायक से भी शिकायत की, लेकिन अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। उनका आरोप है कि बिजली विभाग के चक्कर लगाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। किसानों के अनुसार अधिशासी अभियंता ने ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर 63 केवीए का परिवर्तक लगाने के लिए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश भी दिए थे, लेकिन एक माह से अधिक समय बीतने के बाद भी अमल नहीं हुआ।

उधर, बिजली विभाग के जेई चिरौंजी सिंह ने किसानों के आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि प्रार्थना पत्र फाड़ने का आरोप गलत है तथा ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि का निर्णय उनके स्तर पर नहीं लिया जाता।

विज्ञापन एक्सप्रेस