6:20 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

छह माह में उखड़ गई सड़क, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा; चौड़ीकरण और गुणवत्ता जांच की उठी मांग

केशव गुप्ता

छह माह में उखड़ गई सड़क, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा; चौड़ीकरण और गुणवत्ता जांच की उठी मांग

केशव गुप्ता

उसावां/बदायूं, 26 जून 2026।
ग्राम गूरा बरेला एवं आसपास के क्षेत्र के ग्रामीणों ने शुक्रवार को जय किसान आंदोलन के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. रामबाबू सिंह के नेतृत्व में नगर पंचायत उसावां से नगरिया अभय, गूरा बरेला, सिद्ध बाबा मंदिर, मियाऊं होते हुए हजरतपुर तक जाने वाली बदहाल एवं संकरी सड़क के चौड़ीकरण और तत्काल मरम्मत की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने सिद्ध बाबा स्थान के समीप सिंयोढ़िया तालाब के किनारे सड़क पर खड़े होकर शासन-प्रशासन एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि इस सड़क की मरम्मत करीब छह माह पहले ही कराई गई थी, लेकिन सड़क इतनी जल्दी उखड़ जाना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने मरम्मत कार्य कराने वाली संस्था पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र के हजारों लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसलिए सड़क की उच्च गुणवत्ता के साथ मरम्मत कराते हुए इसका चौड़ीकरण भी कराया जाए।
वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजेश चंद्र पाठक ने बताया कि उन्होंने इस समस्या को आई.जी.आर.एस. पोर्टल के माध्यम से भी लोक निर्माण विभाग के संज्ञान में लाकर सड़क के चौड़ीकरण एवं बदहाल व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है।
इस दौरान जय किसान आंदोलन के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. रामबाबू सिंह, जिला अध्यक्ष धनुलाल गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता बृजेश चंद्र पाठक, संतोष कुमार पाल, राजू पाल, जागेश्वर शर्मा, सुदीप कुमार शर्मा, गणेश सिंह, आशीष कुमार सिंह सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।


विज्ञापन एक्सप्रेस