एपीएस इंटरनेशनल स्कूल में बाल मनोविज्ञान पर कार्यशाला आयोजित, शिक्षकों को मिले एआई और ब्लूम्स तकनीक के गुर।
उझानी, बदायूँ 25 जून 2026।
नगर के ए.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल, में बुधवार को न्यू सरस्वती एजुकेशन ग्रुप की ओर से “बाल मनोविज्ञान: बाल मस्तिष्क, सीखने की प्रक्रिया तथा विकास की आवश्यकताएँ” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता एवं रिसोर्स पर्सन मोहित तिवारी रहे। उन्होंने बाल मनोविज्ञान के जटिल पहलुओं को रोचक कहानियों और अपने संस्मरणों के माध्यम से सरलता से समझाया। श्री तिवारी ने शिक्षकों को ब्लूम्स टैक्सोनॉमी तकनीक की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि कैसे प्रश्नों के स्तर से बच्चों की सोचने की क्षमता विकसित की जा सकती है।
उन्होंने कक्षा-शिक्षण को प्रभावी बनाने के कई व्यावहारिक गुर भी साझा किए। श्री तिवारी ने जोर दिया कि शिक्षकों को बच्चों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर अपनी शिक्षण शैली में निरंतर सुधार करना चाहिए। साथ ही उन्होंने बच्चों के साथ बेहतर भावनात्मक जुड़ाव बनाने और नई तकनीकों, खासकर ए.आई. को शिक्षण में अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम में शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी की और अपने प्रश्नों के समाधान पाए। कार्यशाला के समापन पर प्रधानाचार्य रविंद्र भट्ट तथा उप-प्रधानाचार्या श्रीमती मीनाक्षी शर्मा ने मोहित तिवारी को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।




सत्र के अंत में सभी शिक्षकों ने कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया। शिक्षकों का मानना है कि यहां मिले सुझाव कक्षा में बच्चों को समझने और पढ़ाने में मददगार साबित होंगे।



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

