उझानी में चोरों का ‘आशियाना क्लीन’ ऑपरेशन: एक रात, साढ़े तीन लाख साफ।
उझानी-बदायूं, 25 जून।
नगर की ब्रजबिहार कॉलोनी में चोरों ने हद पार कर दी। एक नवनिर्मित मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोर एक ही रात में साढ़े तीन लाख रुपये का सामान समेट ले गए। वारदात के बाद से कॉलोनी में दहशत का माहौल है।
बताते हैं कि चोर सिर्फ ताले तोड़कर नहीं रुके। वे ढाई लाख रुपये की कीमती ब्रास नल फिटिंग, प्लंबर के दो महंगे हैमर और ठेकेदार जसवीर के करीब एक लाख रुपये के औजार तक बटोर ले गए। मकान में फिनिशिंग का काम चल रहा था और सारा सामान कमरों में रखा था।
मकान में लगे CCTV कैमरों ने चोरों की करतूत कैद कर ली। फुटेज में शाम 7:30 बजे एक व्यक्ति बाइक से आता दिखा। उसने कुछ देर रेकी की और वापस चला गया। इसके बाद रात करीब 9 बजे कमरे का ताला तोड़ने की आवाज भी कैमरे में रिकॉर्ड हुई।
मकान मालिक पंडित बंशीधर मैमौरियल अकादमी के स्वामी अवनीश कुमार शर्मा, निवासी अयोध्यागंज, ने बताया कि “सारा सामान एक-एक पैसा जोड़कर कासगंज से लाया था। चोर मिनटों में सब ले उड़े।” सुबह जब मिस्त्री काम पर लौटे तो खाली पड़े मकान और बिखरा सामान देखकर सन्न रह गए।





तहरीर मिलते ही कोतवाली पुलिस हरकत में आई। पुलिस टीम ने मौके का बारीकी से मुआयना किया और आसपास के CCTV भी खंगाले। अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त पर सवाल उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर गश्त होती तो चोर इतनी हिम्मत न दिखाते।
राजेश वार्ष्णेय एमके



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

