11:19 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

तेज रफ्तार ट्रक ने सब्जी व्यापारियों से भरे टेम्पो को मारी टक्कर, एक की मौत, पांच घायल

बदायूं

तेज रफ्तार ट्रक ने सब्जी व्यापारियों से भरे टेम्पो को मारी टक्कर, एक की मौत, पांच घायल

केशव गुप्ता

अलापुर। क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को सब्जी लेकर लौट रहे व्यापारियों से भरे एक टेम्पो को अलापुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो के परखच्चे उड़ गए और उसमें लदी सब्जियां सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेम्पो में सवार व्यापारी सब्जी मंडी से वापस लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टेम्पो को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में टेम्पो सवार छह लोग घायल हो गए। इनमें तीन लोगों की हालत गंभीर बताई गई, जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एम्बुलेंस द्वारा जिला अस्पताल भेजा गया। उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल सर्वेश ने दम तोड़ दिया, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुचारु कराया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने, नियमित चेकिंग कराने तथा सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

विज्ञापन एक्सप्रेस