12:02 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

पंचायत के फरमान से दबाव में था 14 वर्षीय राजीव, फांसी लगाकर दी जान

पंचायत के फरमान से दबाव में था 14 वर्षीय राजीव, फांसी लगाकर दी जान।

बदांयू 24 जून।

कादरचौक थाना क्षेत्र के ककोड़ा गांव में मंगलवार देर शाम एक 14 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि गंगा में डूबे साथी के परिवार और ग्रामीणों की पंचायत में 10-10 हजार रुपये देने के फरमान से मानसिक दबाव में आकर किशोर ने यह कदम उठाया। देर शाम उसका शव गांव के बाहर खेत में नीम के पेड़ से फंदे पर लटका मिला।

मृतक की पहचान सुल्तान सिंह के 14 वर्षीय पुत्र राजीव के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि 7 जून को राजीव गांव के चार साथियों सूरज, सुमित, जॉनी और कमलेश के साथ गंगा नहाने गया था। इस दौरान सूरज नदी में डूब गया था और उसका आज तक कोई सुराग नहीं लग सका।

आरोप है कि मंगलवार को लापता सूरज के परिवार और ग्रामीणों की एक पंचायत आयोजित की गई थी। पंचायत में कथित रूप से यह निर्णय लिया गया कि सूरज के साथ नदी में गए अन्य चार किशोर उसके परिवार को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देंगे।

परिजनों का आरोप है कि इसी फैसले के दबाव और मानसिक तनाव के चलते राजीव ने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि परिजनों से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

विज्ञापन एक्सप्रेस