उझानी के गंजशहीदा में स्वच्छता व्यवस्था ध्वस्त, दुर्गंध से बेहाल मोहल्लेवासी।
पंखा रोड के नाले-नालियों में जमा कचरा, भीषण गर्मी में बढ़ी परेशानी, लोग बोले- कर्मचारी आते हैं रोज पर सफाई से कोई सरोकार नहीं।
उझानी, बदायूं 24 जून ।
नगर पालिका परिषद की सफाई व्यवस्था के दावों की पोल खोलती तस्वीर मोहल्ला गंजशहीदा, पंखा रोड से सामने आई है। यहां के मुख्य नाले और गलियों की नालियां महीनों से गंदगी से अटी पड़ी हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर पालिका के सफाई कर्मचारी रोजाना इलाके में आते जरूर हैं, लेकिन नालों की सफाई की तरफ ध्यान नहीं देते। भीषण गर्मी के चलते नालों से उठ रही असहनीय दुर्गंध ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।
मोहल्ले के रियाज अहमद, शकील खान और सुमन देवी ने बताया, “गर्मी में हालत बद से बदतर है। नालों से उठती बदबू के कारण घरों में बैठना मुश्किल हो गया है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत है। कई बार शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई।”
दूसरी तरफ नगर पालिका के नवागंतुक अधिशासी अधिकारी मणी सैनी का कहना है कि नगर में सफाई उनकी पहली प्राथमिकता है। लेकिन गंजशहीदा की जमीनी हकीकत उनके दावे से उलट है।


मोहल्लेवासियों ने ईओ से मांग की है कि इस भीषण गर्मी को देखते हुए पंखा रोड के नाले व सभी नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए, ताकि दुर्गंध और गंदगी से निजात मिल सके। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे।
गंदगी से पटे नालों में मच्छर पनप रहे हैं। स्थानीय लोगों को डेंगू, मलेरिया और डायरिया जैसी बीमारियों के फैलने का डर सता रहा है।
— राजेश वार्ष्णेय एमके।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

