5:08 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी: एमआरएफ सेंटर पर कूड़ा डालने के विरोध में ग्रामीणों का हल्लाबोल

उझानी: एमआरएफ सेंटर पर कूड़ा डालने के विरोध में ग्रामीणों का हल्लाबोल।

नगर पालिका गेट पर किया प्रदर्शन, डीएम के नाम कोतवाली में सौंपा ज्ञापन, चेतावनी: कूड़ा डालना नहीं रुका तो होगा बड़ा आंदोलन।

उझानी (बदायूं) 23 जून ।

कोतवाली क्षेत्र के मलिकपुर न्यायपंचायत के गांव पटपरागंज में नगर पालिका द्वारा एमआरएफ सेंटर पर शहर का कूड़ा-करकट डाले जाने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने नगर पालिका के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और कोतवाली पुलिस को जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन की अगुवाई कर रहीं ग्राम प्रधान शकुंतला देवी, सोनवीर सिंह, अवनीश कुमार और अमर जीत ने बताया कि एमआरएफ सेंटर पर शहर की गंदगी फेंकने से गांव में संक्रामक रोग फैल रहे हैं। बदबू के कारण घरों में रहना दूभर हो गया है। भीषण गर्मी में हालात और बदतर हो गए हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि कुछ महीने पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उन्होंने इस मुद्दे पर धरना-प्रदर्शन किया था। तब तत्कालीन जिलाधिकारी ने एमआरएफ सेंटर पर कूड़ा-करकट डालने पर पाबंदी लगा दी थी। इसके बाद कुछ समय तक राहत मिली।

आरोप है कि अब नगर पालिका कर्मचारी फिर से गांव के पास स्थित एमआरएफ सेंटर पर शहर का कूड़ा डालने लगे हैं। इससे पूरे गांव में दुर्गंध फैल गई है और लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया है।

मंगलवार को गुस्साए ग्रामीणों ने नगर पालिका गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी कोतवाली पहुंचे और पुलिस को जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मांग की गई है कि नगर पालिका को आदेश दिया जाए कि गांव में स्थित एमआरएफ सेंटर पर कूड़ा न डाला जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे फिर से बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

प्रदर्शन के दौरान प्रदीप कुमार, सर्वेश कुमार, नीलेश, कल्याण सिंह, अमरपाल, मुन्ना लाल, दिनेश समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि गांव को डंपिंग ग्राउंड नहीं बनने देंगे।

कोतवाली पुलिस ने ज्ञापन लेकर जिलाधिकारी को भेजने की बात कही है। वहीं नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी। वैकल्पिक स्थान तलाशने पर भी विचार किया जा रहा है।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस