गैस सिलेंडर को लेकर मची मारामारी, उपभोक्ताओं ने लगाए ओवरचार्जिंग और ब्लैक में बिक्री के आरोप
कुंवरगांव। कस्बा स्थित एचपी गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। सोमवार को एजेंसी पर बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंचे, जहां सुबह 6 बजे से ही लोगों की लंबी लाइनें लग गईं। इसके बावजूद कई उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ा और कुछ लोगों को देर शाम तक भी सिलेंडर नहीं मिल सका।
उपभोक्ताओं ने एजेंसी संचालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर दिया जा रहा है। उनका कहना है कि करीब 960 रुपये का सिलेंडर 1150 रुपये तक में उपलब्ध कराया जा रहा है। इतना ही नहीं, जिन उपभोक्ताओं को गैस पाइप की आवश्यकता नहीं है, उन्हें भी जबरन पाइप खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि आम लोगों को लाइन में खड़ा रखा जाता है, जबकि कुछ लोगों को बिना अधिक इंतजार के सिलेंडर उपलब्ध करा दिए जाते हैं। इससे ब्लैक में गैस सिलेंडर बिक्री की आशंका भी जताई जा रही है। एजेंसी पर अव्यवस्था और मनमानी से लोगों में रोष व्याप्त है।

उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा गैस वितरण व्यवस्था में सुधार लाने की मांग की है। वहीं, एजेंसी प्रबंधन की ओर से लगाए गए आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

