सहसवान से लौट रहे बाइक सवार की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत, पत्नी सदमे में।
11 दिन बाद दर्ज हुई रिपोर्ट, आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी पुलिस।
उझानी-बदांयू 22 जून।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मानकपुर की पुलिया के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के 11 दिन बाद मृतक की पत्नी ने थाना उझानी में तहरीर देकर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम विरिया डांडा थाना उसहैत निवासी रीना पत्नी स्व. मोनू यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 जून 2026 को दोपहर करीब 1 बजे उनके पति मोनू यादव पुत्र सुरेश अपनी मोटर साइकिल से सहसवान से अपने घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह ग्राम मानकपुर की पुलिया के नजदीक पहुंचे, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर के चालक ने ट्रैक्टर को तेजी व लापरवाही से चलाते हुए बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई और मोनू यादव की मौके पर ही मौत हो गई। पति की मौत की खबर सुनकर रीना सदमे में आ गई, जिसके कारण वह उसी समय रिपोर्ट दर्ज कराने थाने नहीं जा सकी।
सदमे से उबरने के बाद 21 जून 2026 को रीना कोतवाली उझानी पहुंची और पूरे मामले की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक प्रवीन कुमार सिंह को सौंपी गई है।
मोनू की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है। पत्नी रीना का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपी ट्रैक्टर चालक को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मानकपुर पुलिया के पास स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग भी उठाई है, क्योंकि यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

