5:01 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी -अंतिम संस्कार में गए युवक की गंगा में डूबकर दर्दनाक मौत, घर में पसरा मातम

उझानी -अंतिम संस्कार में गए युवक की गंगा में डूबकर दर्दनाक मौत, घर में पसरा मातम।

कछला घाट पर स्नान करते समय हुआ हादसा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल।

उझानी (बदायूँ) 22 जून ।

थाना उझानी क्षेत्र के पीयरखंदना गांव में मातम का माहौल है। गांव के ही एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए 35 वर्षीय युवक की गंगा में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदय विदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीयरखंदना गांव निवासी शेर सिंह (35) पुत्र दोदराज गांव के कुछ लोगों के साथ कछला गंगा घाट पर एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। अंतिम संस्कार की विधि पूरी करने के बाद शेर सिंह गंगा स्नान करने के लिए नदी में उतरे। बताया जा रहा है कि स्नान करते समय उनका पैर अचानक फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए।

शेर सिंह को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर गोताखोर तुरंत गंगा में कूदे और कड़ी मशक्कत के बाद शेर सिंह को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला।

परिजन आनन-फानन में शेर सिंह को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने सोमवार दोपहर करीब तीन बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के इन शब्दों को सुनते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

शेर सिंह की मौत की खबर मिलते ही पीयरखंदना गांव में मातम पसर गया। घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी, बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि शेर सिंह हंसमुख और मिलनसार स्वभाव का था। उसकी असमय मौत से गांव ने एक होनहार युवक खो दिया। एक साथ दो मौतों से गांव में शोक की लहर है।

— राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस