उझानी के सरस्वती विद्या मंदिर में योग दिवस पर गूंजा ‘स्वस्थ भारत’ का नारा।
छात्रों ने किया ताड़ासन से अनुलोम-विलोम तक योगाभ्यास, प्रधानाचार्य बोले – योग प्राचीन धरोहर है।
उझानी, बदायूं 21 जून 2026।
संतोष कुमारी श्रवण कुमार अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, उझानी में रविवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह और अनुशासन के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन प्रार्थना सभा से हुआ। इसके बाद योग प्रशिक्षक के निर्देशन में विद्यार्थियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, शलभासन, कपालभाति एवं अनुलोम-विलोम का अभ्यास किया। योगाभ्यास के दौरान छात्रों को दैनिक जीवन में योग के महत्व और इसके शारीरिक व मानसिक लाभों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार ने कहा, “योग हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। प्रत्येक विद्यार्थी को इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। इससे न केवल शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि मानसिक एकाग्रता और आत्मविश्वास भी बढ़ता है।”
विद्यालय के प्रबंधक रतन कुमार जिंदल ने भी छात्रों को नियमित योग करने और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक शांति पाठ एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर योगमय वातावरण से गूंज उठा।
—
राजेश वार्ष्णेय एमके।



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

