उझानी में एपीएस इंटरनेशनल स्कूल बना योग का संगम, ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ का दिया संदेश।
उझानी, बदायूं 21 जून।
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार, को एपीएस इंटरनेशनल स्कूल में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने एक साथ योग कर ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत ईश वंदना से हुई। योग आचार्य श्रीमती श्वेता छाबड़ा के निर्देशन में ग्रीवाचालन, ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, शशकासन, दण्डासन के साथ-साथ कपाल भारती, अनुलोम-विलोम, शीतली और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। प्रत्येक आसन के साथ उसके शारीरिक व मानसिक लाभ भी बताए गए।



योग आचार्य डॉ. प्रभाकर मिश्रा ने योग को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने एक प्रेरक दृष्टांत से शिक्षकों की भूमिका रेखांकित की और कहा कि योग को हर विद्यार्थी तक पहुंचाना समय की मांग है। श्रीमती श्वेता छाबड़ा ने समझाया, “योग का अर्थ है जोड़ना। यह तन, मन और मस्तिष्क को जोड़कर हमें संपूर्ण स्वास्थ्य देता है।”
विद्यालय के निदेशक नीलांशु अग्रवाल ने कहा कि भाग-दौड़ भरे इस युग में योग ही सबसे सुलभ स्वास्थ्य सुरक्षा है। “योग भारत की देन है जो आज पूरे विश्व को जोड़ रही है। प्राचीन समय से चली आ रही यह विद्या आज के भौतिकवादी जीवन में और प्रासंगिक हो गई है।” उन्होंने योग प्रशिक्षकों, अभिभावकों, छात्रों व शिक्षकों का आभार जताया और योग टीम को वस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम ने साबित कर दिया कि जब स्कूल, परिवार और समाज एक मंच पर आ जाएं तो योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, जीवनशैली बन जाता है।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

