बदायूं
शादी की खुशियां मातम में बदलीं: ट्रॉली से टकराई बाइक, ममेरे-फुफेरे भाइयों की मौत, एक गंभीर घायल
केशव गुप्ता
/उसहैत (बदायूं)। उसहैत थाना क्षेत्र के कादरचौक रोड पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद शादी वाले घर में खुशियों की जगह मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार फर्रुखाबाद जिले के थाना कायमगंज क्षेत्र के गांव बड़ौरा निवासी मुनीश (22) अपने ममेरे भाई पुरुषोत्तम (18) और गांव के श्याम सिंह (18) के साथ शादी का सामान खरीदकर बाइक से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कादरचौक रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंची, सड़क किनारे खड़ी ट्रॉली से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मुनीश और पुरुषोत्तम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्याम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि पुरुषोत्तम की बहन की बारात शनिवार को आनी थी। शादी में शामिल होने के लिए मुनीश अपने ननिहाल आया हुआ था और तीनों युवक शादी का सामान लेने गए थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी की तैयारियां मातम में बदल गईं।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे की जांच शुरू कर दी है। एसओ उसहैत देवेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क किनारे खड़ी ट्रॉली से बाइक टकराने के कारण हादसा हुआ, जिसमें दो युवकों की मौत और एक युवक घायल हुआ है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

