उझानी: बारिश के बाद बढ़ी उमस और बिजली कटौती से बेहाल हुए लोग।
उझानी-बदायूं, 19 जून।
उझानी में तीन चार दिन पहले हुई बारिश के बावजूद गुरुवार को उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह से ही तेज धूप और हवा में नमी के कारण गर्मी अधिक महसूस की गई।
बीती रात बिजली घर में इनकमिंग केबल का प्लग फुंकने से आधे शहर की बिजली आपूर्ति रात 1:00 बजे से 3:30 बजे तक ठप रही। भीषण गर्मी में बिजली गुल होने से लोग बिलबिला उठे। बिजली कर्मचारियों ने फुर्ती दिखाते हुए करीब ढाई घंटे बाद आपूर्ति बहाल की, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
दिन चढ़ने के साथ उमस बढ़ती गई। घरों और बाजारों में लोग पसीने से तरबतर नजर आए। दोपहर में सड़कों पर आवाजाही कम रही और लोग छांव व ठंडे स्थानों की तलाश करते दिखे।
मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 38.2°C और न्यूनतम 26.1°C दर्ज किया गया। दोनों ही तापमान सामान्य से करीब एक डिग्री कम थे, फिर भी हवा में नमी के कारण गर्मी का एहसास ज्यादा हुआ। बारिश के बाद जमीन और हवा में बढ़ी नमी ने उमस को और बढ़ा दिया।
बाजार में खरीदारी करने आए लोगों ने चिपचिपी गर्मी से परेशानी बताई। बीती रात बिजली कटौती वाले इलाकों में हालात ज्यादा खराब रहे, जहां पंखे-कूलर भी बेअसर साबित हुए। बच्चों और बुजुर्गों को उमस से सबसे अधिक दिक्कत हुई।
मौसम विशेषज्ञों ने आगामी दिनों में बादलों की आवाजाही की संभावना जताई है। साथ ही लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और सेहत का ध्यान रखने की सलाह दी है।
राजेश वार्ष्णेय एमके ।





badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

