12:40 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

दातागंज में पुलिस-मुठभेड़: भैंस चोरी गैंग का शातिर सदस्य गिरफ्तार, जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल, पुलिसकर्मी भी जख्मी

बदायूं

दातागंज में पुलिस-मुठभेड़: भैंस चोरी गैंग का शातिर सदस्य गिरफ्तार, जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल, पुलिसकर्मी भी जख्मी

केशव गुप्ता

बदायूं। दातागंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान भैंस चोरी गैंग के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि बदमाशों की फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की रकम और वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 13/14 जून की रात थाना दातागंज क्षेत्र के ग्राम बेलाडांडी से भैंस चोरी की घटना हुई थी, जिसके संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम अपराधियों की तलाश में जुटी थी। बुधवार को बेलाडांडी पुल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पशु चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधी क्षेत्र में सक्रिय हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस के रुकने के इशारे पर चालक ने वाहन को कच्चे रास्ते की ओर मोड़ दिया। घेराबंदी होते देख वाहन में सवार तीन बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में आरक्षी नितिन आर्य गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलशन पुत्र मंसूर अली निवासी ग्राम हथौड़ा बुजुर्ग, थाना रोजा, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बेलाडांडी से चोरी की गई भैंस को 45 हजार रुपये में बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके पास से चोरी की रकम में से 14,500 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक गुलशन एक शातिर अंतर्जनपदीय अपराधी है, जिसके खिलाफ शाहजहांपुर और बदायूं में हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी समेत 20 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी में एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चोरी की घटना से संबंधित 14,500 रुपये नकद तथा भैंस चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन (UP24DT4073) शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस