12:40 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

पैतृक जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, कार्रवाई न होने पर परिवार सहित भूख हड़ताल की चेतावनी

बदायूं

पैतृक जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, कार्रवाई न होने पर परिवार सहित भूख हड़ताल की चेतावनी

केशव गुप्ता

उसावां (बदायूं)। थाना उसावां क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर मजरा वीरमपुर भदेली निवासी मुरारी लाल पुत्र रामनाथ ने अपनी पैतृक संपत्ति पर अवैध कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि दो बार थाना पुलिस को लिखित शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे वह परेशान है।
मुरारी लाल ने बताया कि वह गांव का मकान छोड़कर उसावां में रहने लगा था और मजदूरी के सिलसिले में दिल्ली आता-जाता रहता है। इसी दौरान गांव की उसकी खाली पड़ी जमीन पर कथित रूप से गांव के ही लड़ैत पुत्र हुलास सिंह ने कब्जा करने की नीयत से उसे महेन्द्र पुत्र रेवती के हाथ बेच दिया।
पीड़ित के अनुसार जब उसे मामले की जानकारी हुई तो उसने मौके पर जाकर देखा कि उसकी जमीन के चारों ओर खुदाई कर नींव डाली जा रही थी और कब्जा करने की तैयारी की जा रही थी। उसने आरोप लगाया कि उसकी जमीन पर मौजूद जामुन का पेड़ भी काट दिया गया, जबकि नीम का पेड़ अभी मौजूद है। साथ ही महेन्द्र ने अपने मकान का दरवाजा भी उसकी जमीन की ओर खोल लिया है।
मुरारी लाल का आरोप है कि लड़ैत और महेन्द्र ने मिलकर जालसाजी के माध्यम से उसकी पैतृक जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया है। इस संबंध में उसने थाना उसावां में दो बार लिखित शिकायत दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
अब पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं को प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने, अवैध कब्जा हटवाने तथा अपनी जमीन पर पुनः कब्जा दिलाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वह अपने पूरे परिवार के साथ भूख हड़ताल पर बैठने को मजबूर होगा।


विज्ञापन एक्सप्रेस