उझानी से 8 वर्षीय कन्हैया रहस्यमय ढंग से लापता, संदिग्ध युवक पर ग्रामीणों को शक।
उझानी-बदांयू 16 जून।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव ठिरिया में सोमवार दोपहर से एक आठ वर्षीय बालक के अचानक लापता होने से सनसनी फैल गई है। ग्राम पंचायत तेहरा के गांव ठिरिया निवासी शांतिदास शर्मा का पुत्र कन्हैया खेलते-खेलते रहस्यमय हालात में गायब हो गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार कन्हैया सोमवार दोपहर गांव में ही खेल रहा था। कुछ देर बाद जब वह घर नहीं लौटा तो तलाश शुरू हुई। ग्रामीणों ने बताया कि घटना के समय गांव में एक नशेड़ी प्रवृत्ति का अज्ञात युवक घूम रहा था। लोगों ने उसे गांव से निकल जाने को भी कहा था। आशंका जताई जा रही है कि वही युवक बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
बच्चे के गायब होने के बाद परिजन और ग्रामीण पूरी रात उसे ढूंढते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। देर रात थक-हारकर परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी और तत्काल कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने जिस युवक पर शक जताया है, उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। तस्वीर में युवक एक दीवार पर बैठा दिख रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
राजेश वार्ष्णेय एमके
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

