बदायूं
15 मिनट में चढ़ाईं दो ड्रिप और लगाए कई इंजेक्शन, बिगड़ी हालत; झोलाछाप के इलाज के दौरान 12 वर्षीय किशोर की मौत
केशव गुप्ता
बदायूं। जनपद के हजरतपुर थाना क्षेत्र के बक्सेना गांव में एक झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के दौरान 12 वर्षीय किशोर की मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने गांव में प्रैक्टिस कर रहे झोलाछाप डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
मृतक किशोर नन्हें के भाई ने बताया कि उसका भाई सुबह दवाई लेने डॉक्टर के पास गया था। आरोप है कि शाम करीब चार बजे डॉक्टर ने महज 15 मिनट के भीतर उसे दो ड्रिप चढ़ा दीं और दो-तीन इंजेक्शन लगा दिए। इसके कुछ ही देर बाद किशोर की हालत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होते देख डॉक्टर ने उसे तत्काल कहीं और ले जाने की सलाह दे दी।
परिजन आनन-फानन में किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। नन्हें अपने माता-पिता की चार भाइयों और चार बहनों में से एक था।
घटना की सूचना पर हजरतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

