उसहैत क्षेत्र के गांव बिरिया डांडा में में बैंकिंग और फाइनेंस कंपनियों की कथित मनमानी के खिलाफ जनता सरकार मोर्चा का प्रदर्शन
उसहैत क्षेत्र के गांव बिरिया डांडा में बैंकिंग एवं फाइनेंस कंपनियों की कथित मनमानी के विरोध में जनता सरकार मोर्चा के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान लोन धारकों के अधिकारों की रक्षा तथा रिकवरी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई गई।
जनता सरकार मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय यादव उर्फ छोटे भैया ने आरोप लगाया कि वाहन और मकान ऋण लेने वाले लोगों पर एक-दो किस्तें बकाया होने पर ही अनावश्यक दबाव बनाया जाता है, जिससे आम नागरिकों को मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कुछ रिकवरी एजेंटों पर मनमाने ढंग से कार्रवाई करने का भी आरोप लगाया।
मोर्चा के पदाधिकारी शेर अली शाह, राजीव गंगवार और नाहिद अंसारी ने कहा कि ऋण धारकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से बैंक और फाइनेंस कंपनियों की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराने तथा शिकायतों का न्यायपूर्ण निस्तारण करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ जबरन वसूली या उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो व्यापक स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस अवसर पर जनता सरकार मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट: हसरत अली ख़ान
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

