बदायूं
भसूंधरा गांव के पास दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, मासूम बच्चों समेत कई घायल
उसहैत क्षेत्र में सड़क हादसे से मचा हड़कंप, पुलिस और ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
बदायूं। थाना उसहैत क्षेत्र के भसूंधरा गांव के निकट गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में मासूम बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर दूर तक जा गिरे और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसहैत की ओर से आ रही एचएफ डीलक्स बाइक और रजऊ की ओर से आ रही सीडी डीलक्स बाइक भसूंधरा गांव के पास आमने-सामने टकरा गईं। एक बाइक पर देवरिया निवासी पप्पू पुत्र जयपाल अपनी पत्नी फूलवती और दो बच्चों के साथ घर जा रहे थे, जबकि दूसरी बाइक पर तीन लोग सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और घायलों की मदद शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस और पीआरवी टीम ने एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रजऊ पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारु कराया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

