बदायूं
कई घंटों के प्रदर्शन के आगे झुका प्रशासन, होली चौक पर चला बुलडोजर; बजरंग दल और हिंदू समाज की एकजुटता लाई रंग
केशव गुप्ता
उसावां (बदायूं)। नगर पंचायत उसावां के चर्चित होली चौक प्रकरण में गुरुवार सुबह 8 बजे से शुरू हुआ बजरंग दल और हिंदू समाज का धरना-प्रदर्शन आखिरकार रंग लाया। कई घंटों तक चले शांतिपूर्ण आंदोलन, नारेबाजी और प्रशासन से लगातार की गई मांगों के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कराई और बुलडोजर चलाकर कथित अवैध अतिक्रमण को हटवाया।
सुबह से ही होली चौक पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं, विभिन्न हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि होली चौक क्षेत्र की भूमि सार्वजनिक और धार्मिक महत्व की है, इसलिए उस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। घंटों तक चले आंदोलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के बढ़ते दबाव और जनभावनाओं को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर बुलडोजर भेजकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कराई। बुलडोजर चलते ही मौजूद लोगों ने जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारे लगाए। कार्रवाई पूरी होने पर प्रदर्शनकारियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
बजरंग दल पदाधिकारियों ने कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि पूरे हिंदू समाज की एकजुटता और संघर्ष की जीत है। उन्होंने कहा कि कई घंटों की मेहनत, धैर्य और संगठन की ताकत के कारण प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी।
अतिक्रमण हटने के बाद बजरंग दल कार्यकर्ताओं और हिंदू समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया तथा बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त कर संघर्ष की सफलता का उत्सव मनाया। पूरे क्षेत्र में देर तक धार्मिक जयघोष गूंजते रहे।
वहीं प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई नियमानुसार की गई है और नगर पंचायत क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। होली चौक पर हुई यह कार्रवाई पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।















badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

