12:43 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

उसावां में सनसनी: मॉर्निंग वॉक पर निकलीं दो नाबालिग बहनें रहस्यमय ढंग से लापता, अपहरण का मुकदमा दर्ज

बदायूं

उसावां में सनसनी: मॉर्निंग वॉक पर निकलीं दो नाबालिग बहनें रहस्यमय ढंग से लापता, अपहरण का मुकदमा दर्ज

केशव गुप्ता

बदायूं। जिले के उसावां थाना क्षेत्र में दो नाबालिग किशोरियों के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने पांच लोगों पर जबरन अपहरण करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार कस्बा उसावां की रहने वाली दो नाबालिग चचेरी-तहेरी बहनें मंगलवार सुबह घर से टहलने के लिए निकली थीं, लेकिन दोपहर तक वापस नहीं लौटीं। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन के बावजूद दोनों किशोरियों का कोई सुराग नहीं लग सका।
परिजनों ने बाद में उसावां थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी और कस्बे के पांच लोगों पर किशोरियों के अपहरण का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और किशोरियों की बरामदगी के लिए विशेष टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।
थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है और किशोरियों की सकुशल बरामदगी पुलिस की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
उधर, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने प्रशासन से दोनों किशोरियों को जल्द से जल्द सकुशल बरामद कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का दावा है कि मामले की जांच तेज कर दी गई है और किशोरियों की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस