8:58 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

पैमाइश के बाद भड़का जमीन विवाद: पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों और सरदारों के बीच जमकर पथराव, कई घायल

बदायूं

पैमाइश के बाद भड़का जमीन विवाद: पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों और सरदारों के बीच जमकर पथराव, कई घायल

केशव गुप्ता

बदायूं। जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव किशनी महेरा में तीन बीघा जमीन के विवाद ने मंगलवार शाम उस समय हिंसक रूप धारण कर लिया, जब राजस्व विभाग की ओर से भूमि की पैमाइश पूरी होने के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों ओर से लाठी-डंडों के साथ जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। घटना के दौरान मौके पर पुलिस बल भी मौजूद था, लेकिन विवाद बढ़ने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार दातागंज तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले किशनी महेरा गांव में तीन बीघा भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। विवाद के निस्तारण के लिए मंगलवार को राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जमीन की पैमाइश की कार्रवाई पूरी की। बताया जाता है कि पैमाइश के बाद राजस्व टीम के लौटते ही दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। झड़प में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग खुलेआम पथराव करते दिखाई दे रहे हैं।
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। मामले को लेकर थाना मूसाझाग प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि विवाद में कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि राजस्व टीम के जाने के बाद विवाद किन परिस्थितियों में शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। भूमि विवाद को लेकर हुई इस हिंसक झड़प ने एक बार फिर प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और विवादित मामलों के स्थायी समाधान पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


विज्ञापन एक्सप्रेस