बदायूं
मानकों को ठेंगा! उसावां के उपभोक्ताओं को 45 दिन बाद मिल रही रसोई गैस
केशव गुप्ता
उसावां (बदायूं)। उसावां टाउन के उपभोक्ताओं ने रघुनंदन भारत गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए गैस वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग की है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के विपरीत उन्हें समय पर रसोई गैस उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शहरी क्षेत्रों में गैस आपूर्ति निर्धारित समयावधि के भीतर सुनिश्चित की जानी चाहिए, लेकिन शाहजहांपुर जनपद के बराकलां स्थित रघुनंदन भारत गैस एजेंसी द्वारा उसावां टाउन के उपभोक्ताओं को लगभग 45 दिन बाद गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। इतना ही नहीं, सिलेंडर बुक कराने के बाद भी डिलीवरी मिलने में 4 से 5 दिन का अतिरिक्त समय लग रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि लंबे अंतराल के कारण कई परिवारों के सामने रसोई गैस का संकट खड़ा हो जाता है। गैस समाप्त होने पर लोगों को लकड़ी, कोयला अथवा अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त खपत होती है। गृहिणियों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि उसावां टाउन के उपभोक्ताओं के साथ लगातार उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। लोगों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से गैस वितरण व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराते हुए समयबद्ध गैस आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।
उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत कर आवश्यक कार्रवाई की मांग करेंगे। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि सरकार की योजनाओं का लाभ तभी मिल सकता है जब गैस एजेंसियां निर्धारित नियमों और मानकों का पालन करें।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

