बदायूं
मंदिरों और विद्यालय के पास मीट बिक्री को लेकर उसावां में विवाद, जांच के लिए पहुंचे सीओ व थाना प्रभारी
उसावां (बदायूं)। नगर पंचायत उसावां के मुख्य बाजार में मंदिरों और विद्यालय के समीप संचालित मीट, मछली एवं मुर्गा बिक्री की दुकानों को लेकर शनिवार को विवाद खड़ा हो गया। स्थानीय लोगों द्वारा की गई शिकायत के बाद क्षेत्राधिकारी (सीओ) दातागंज राहुल पांडेय और थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया।
बताया जाता है कि शिकायतकर्ता विनोद गुप्ता ने प्रशासन को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया था कि काली माता मंदिर, भगवान शंकर मंदिर तथा स्वामी ध्रूऋषि विद्यालय के निकट बिना लाइसेंस मीट एवं मुर्गा बिक्री की जा रही है। शिकायत में यह भी कहा गया कि दुकानों से निकलने वाले अवशेष और कचरे के कारण आसपास गंदगी फैल रही है, जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निरीक्षण के दौरान शिकायतकर्ता, स्थानीय नागरिक तथा नगर पंचायत से जुड़े लोग भी मौजूद रहे। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से धार्मिक स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नियमों के अनुरूप कार्रवाई की मांग की।
काली माता मंदिर के सेवादार कृपाल भगत ने कहा कि धार्मिक स्थलों के आसपास इस प्रकार की गतिविधियों से लोगों में असंतोष है और प्रशासन को इस संबंध में उचित निर्णय लेना चाहिए। वहीं क्षेत्र के अन्य लोगों ने भी स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं प्रशासन के सामने रखीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ राहुल पांडेय ने थाना पुलिस को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करने तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाया जाए तो संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

